Published on: 24 Jul 2026
विधि विभाग द्वारा विशाल पौधारोपण अभियान का आयोजन।*
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला एवं राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के निर्देशों के अनुपालन में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर, रेवाड़ी के विधि विभाग की लीगल एड सेल द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का आयोजन किया गया।
यह अभियान विधि विभागाध्यक्ष प्रो. तेज सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में तथा लीगल एड सेल की समन्वयक डॉ. कुसुम यादव के संयोजन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रेणु सोलखे, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), रेवाड़ी रहीं।
अपने संबोधन में डॉ. रेणु सोलखे ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन एवं भावी पीढ़ियों के लिए हरित वातावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक-से-अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मानवता के प्रति हमारा नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।
इस अवसर पर विधि विभाग के विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न पौधे लगाए गए। सभी प्रतिभागियों ने पौधों के संरक्षण एवं उनकी निरंतर देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में विभाग के संकाय सदस्यों डॉ. हेमंत कुमार यादव, डॉ. पूनम रानी, डॉ. स्मृति, डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. मनीष कुमार तथा डॉ. अनिल डागर और लिपिक चंद्रशेखर व सहायक प्यारेलाल ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
यह अभियान लीगल एड सेल की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक सराहनीय पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों एवं समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता, पर्यावरणीय उत्तरदायित्व एवं सतत विकास की भावना को विकसित करना था।
विधि विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर तथा उनका संरक्षण कर "हरित भारत, स्वच्छ भारत" के संकल्प को साकार करने में अपना सक्रिय योगदान दें। पर्यावरण की रक्षा प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है और आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवन का आधार बनेगा।